By Mustaffa
पिठौरिया थाना में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत
मेसरा (रांची): फर्स्ट ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय पटल पर राज्य का गौरव बढ़ाया है। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच टीम ने कुल चार पदक (एक रजत और तीन कांस्य) अपने नाम किए। प्रतियोगिता में अफ़ताब अंसारी ने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए रजत पदक (सिल्वर) जीता। वहीं,राज्य की बेटियां फ़िज़ा परवीन,पूर्णिमा उरांव और सिवनी कुमारी ने अपने बेजोड़ कौशल के दम पर कांस्य पदक जीतकर देश व राज्य का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे कोच शकील अंसारी का कुशल मार्गदर्शन रहा। इस उपलब्धि पर सिक्किम ताइक्वांडो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी टीम को शुभकामनाएं दीं। अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराकर लौटने पर पिठौरिया थाना में टीम के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। थाना प्रभारी सतीश कुमार,एएसआई सत्यदेव प्रसाद और संतोष यादव ने विजेता खिलाड़ियों व कोच को बुके देकर सम्मानित किया। थाना प्रभारी ने कहा कि सीमित संसाधनों में इन बच्चों ने जो मुकाम हासिल किया है,वह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है और इससे अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। रांची डिस्ट्रिक्ट यूनाइटेड ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद जमील अंसारी ने पूरी टीम को इस सफलता पर बधाई दी है।
