बोकारो: कोयले का ढेर धंसने से बड़ा हादसा: तीन महिलाओं की मौत, छह घायल

360°

Eksandeshlive Desk

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। सीसीएल के कथारा क्षेत्र अंतर्गत कथारा कोलियरी के पांच नंबर पुराने कोयला स्टॉक में कोयले का ढेर धंसने से तीन महिलाओं की दबकर मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के समय नौ लोग कोयला चुनने के लिए पुराने स्टॉक में पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक कोयले का ढेर धंस गया और सभी इसकी चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान मंडई टोला निवासी पुष्पा देवी (पति गल्लू रजवार), पारटांड़ निवासी कौशल्या देवी (पति विश्वनाथ यादव उर्फ मुंडला यादव) और बाबूराम टोला निवासी सहोदरी देवी (पति हीरालाल यादव) के रूप में हुई है। सुबह करीब चार बजे कथारा क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ग्रामीण शवों को लेकर अपने घर चले गए।

हादसे में घायल छह लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक घायल का इलाज जारी है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर सीसीएल प्रबंधन के पीओ रंजीत कुमार, एसओ सेफ्टी आरके वर्णवाल सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रबंधन की ओर से पेलोडर मशीन लगाकर धंसे हुए कोयले को हटाया गया और जांच की गई। कथारा ओपी प्रभारी राहुल राम ने हादसे में तीन महिलाओं की मौत और अन्य लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। वहीं, मामले को लेकर डीएसपी रविंद्र सिंह ने कहा कि कोयला चुनने के दौरान मलबा धंसने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। वहीं घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं। पुराने कोयला स्टॉक में सुरक्षा के इंतजामों की भी पड़ताल की जा रही है।

Spread the love