By Mustaffa
मेसरा (रांची): रोमांचक मुकाबले और खेल भावना के शानदार प्रदर्शन के साथ लाल बहादुर शास्त्री क्लब नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में काँके इलेवन ने एलबीएस ब्लॉक चौक,ओरमांझी की टीम को हराकर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। मैच में काँके इलेवन ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी एलबीएस ओरमांझी की टीम निर्धारित 8 ओवरों में केवल 52 रन ही बना सकी। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी काँके इलेवन की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 7.2 ओवरों में ही 53 रनों का लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। इस भव्य फाइनल मैच के मुख्य अतिथि आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने विजेता टीम काँके इलेवन को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मंच पर उनके साथ विशिष्ट अतिथि डॉ. देवशरण भगत,जिला परिषद एस देवी और प्रखंड अध्यक्ष दिगंबर महतो भी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुदेश कुमार महतो ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा,खेल हमें सिर्फ जीतना नहीं,बल्कि हर परिस्थिति में संघर्ष करना और मिलकर लक्ष्य हासिल करना सिखाता है। मैदान पर दिखाई गई यह एकाग्रता और टीम भावना आपको जीवन के हर मोड़ पर सफल बनाएगी। हार से सीखें और जीत से आगे बढ़ने का हौसला लें। कार्यक्रम को सफल बनाने में कमेटी के अभिमन्यु सिंह,शशि साहू,श्वेतांक प्रकाश,मनीष,कुमार सौरभ,आफताब आलम,संजय तिर्की,सुमित सिंह,लालकिशोर महतो,अमित गिरी आदि सदस्यों ने सराहनीय योगदान दिया।
