By Sunil
रांची : राज्यसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने अपनी एकजुटता और रणनीति का प्रदर्शन किया है। गठबंधन की बैठक के बाद झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रीयो भट्टचार्य ने दावा किया कि दोनों सीटों पर महागठबंधन की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने बताया कि राज्यसभा चुनाव के लिए गठबंधन के सभी विधायक गुरुवार सुबह 10 बजे विधानसभा पहुंच जाएंगे। मतदान सुबह 11 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा, जबकि परिणाम शाम 6 बजे तक आने की संभावना है।सुप्रीयो भट्टचार्य ने कहा कि चुनाव को लेकर गठबंधन पूरी तरह तैयार है और इसके लिए एक मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन के पास जीत के लिए पर्याप्त संख्या बल मौजूद है। उन्होंने कहा कि किसी भी विधायक को किसी कैंप में नहीं रखा गया है। सभी विधायक अपने-अपने घरों से सीधे अपनी गाड़ियों में मतदान के लिए विधानसभा पहुंचेंगे. हलाकि सूत्रों के मुताबिक विधायकों के लिए बस का इंतेज़ाम किया गया है, जिसमे सभी विधायक एक साथ विधानसभा पहुंचेंगे। महागठबंधन नेताओं का कहना है कि संख्या बल उनके पक्ष में है और चुनाव परिणाम में इसका असर साफ दिखाई देगा।
