भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में, पुरुष टीम ने विश्व चैंपियन जर्मनी को हराया

360° Ek Sandesh Live


सिमडेगा की बेटी दीपिका सोरेंग ने दागा गोल, मनप्रीत सिंह बने भारत के सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी
सिमडेगा। भारतीय हॉकी के लिए 18 जून ऐतिहासिक व गौरवपूर्ण दिन साबित हुआ। एक ओर भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला नेशंस कप न्यूजीलैंड 2025-26 में लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई, वहीं दूसरी ओर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में विश्व चैंपियन जर्मनी को हराकर शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया। आॅकलैंड में खेले गए महिला नेशंस कप के अंतिम पूल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने उरुग्वे को 3-2 से हराया। मुकाबले में शुरूआती बढ़त गंवाने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की। स्टार ड्रैग फ्लिकर दीपिका ने दो गोल किए, जबकि झारखंड के सिमडेगा की बेटी दीपिका सोरेंग ने एक महत्वपूर्ण फील्ड गोल कर जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने अमेरिका, जापान व उरुग्वे को हराकर पूल-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया व सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यह मुकाबला भारतीय मिडफील्डर नेहा के लिए भी खास रहा, जिन्होंने अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। वहीं रॉटरडैम में खेले गए एफआईएच प्रो लीग मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अनुशासित खेल व मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर विश्व चैंपियन जर्मनी को 3-1 से शिकस्त दी। भारत की ओर से मनदीप सिंह, शिलानंद लकड़ा व नीलकांत शर्मा ने गोल किए, जबकि मिडफील्डर हार्दिक सिंह को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर आॅफ द मैच’ चुना गया। यह मुकाबला भारतीय हॉकी के दिग्गज मनप्रीत सिंह के लिए भी ऐतिहासिक रहा। उन्होंने अपना 413वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर दिलीप तिर्की के 412 मैचों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए भारत के लिए सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। भारतीय महिला व पुरुष टीम के इस शानदार प्रदर्शन पर हॉकी सिमडेगा, हॉकी झारखंड तथा समस्त हॉकी प्रेमियों ने दोनों टीमों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी है।

Spread the love