सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 10 अक्टूबर से झांसी में, 29 टीमें लेंगी हिस्सा

Sports

Eksandeshlive Desk

झांसी: हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप-2026 10 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश के झांसी में शुरू होगी। 21 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में तीन डिवीजन में कुल 29 टीमें हिस्सा लेंगी। डिवीजन ए का फाइनल प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेला जाएगा। प्रतियोगिता के 16वें संस्करण में डिवीजन ए, डिवीजन बी और डिवीजन सी के मुकाबले होंगे। टीमों को 2025 के संस्करण में उनकी रैंकिंग के आधार पर तीनों डिवीजन में रखा गया है। यह चैंपियनशिप देशभर की टीमों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करने का अवसर देगी। पिछले संस्करण में हॉकी पंजाब ने डिवीजन ए के फाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश को 4-1 से हराकर 15वीं सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2025 का खिताब जीता था। हॉकी उत्तर प्रदेश ने तीसरे स्थान के मुकाबले में मणिपुर हॉकी को 5-1 से हराकर कांस्य स्थान हासिल किया था।

डिवीजन ए में 12 टीमें, 14 अक्टूबर से मुकाबले: डिवीजन ए में 12 टीमों को चार पूल में बांटा गया है। पूल ए में हॉकी पंजाब, हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु और हॉकी बंगाल शामिल हैं। पूल बी में हॉकी मध्य प्रदेश, हॉकी महाराष्ट्र और ले पुडुचेरी हॉकी को रखा गया है। पूल सी में हॉकी उत्तर प्रदेश, हॉकी कर्नाटक और हॉकी चंडीगढ़ हैं, जबकि पूल डी में मणिपुर हॉकी, हॉकी हरियाणा और दिल्ली हॉकी शामिल हैं। डिवीजन ए के मुकाबले 14 अक्टूबर से शुरू होंगे। पूल चरण के बाद 18 अक्टूबर को क्वार्टर फाइनल खेले जाएंगे। प्रत्येक पूल की शीर्ष दो टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल 19 अक्टूबर को होंगे, जबकि तीसरे स्थान का मुकाबला और फाइनल 21 अक्टूबर को खेला जाएगा।

डिवीजन बी में 10 और डिवीजन सी में सात टीमें: डिवीजन बी में 10 टीमें दो पूल में प्रतिस्पर्धा करेंगी। पूल ए में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा, असम हॉकी, केरल हॉकी, हॉकी उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ हॉकी हैं। पूल बी में हॉकी झारखंड, तेलंगाना हॉकी, गोअन्स हॉकी, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव हॉकी तथा हॉकी अरुणाचल शामिल हैं। डिवीजन सी में सात टीमें दो पूल में खेलेंगी। पूल ए में हॉकी मिजोरम, हॉकी हिमाचल और हॉकी जम्मू-कश्मीर हैं। पूल बी में हॉकी आंध्र प्रदेश, हॉकी राजस्थान, बिहार (बीएसएसए) और हॉकी गुजरात को रखा गया है। डिवीजन बी और डिवीजन सी के मुकाबले 10 अक्टूबर से शुरू होंगे। तीनों डिवीजन में टीमें अपने अभियान की मजबूत शुरुआत करने और खिताब की दौड़ में आगे बढ़ने के इरादे से उतरेंगी।

Spread the love