मनरखन महतो ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में फार्मेसी व पैरामेडिकल प्रवेश के लिए छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित

360° Ek Sandesh Live

मेसरा (​रांची): एम.आर.एम. एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में संचालित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान मनरखन महतो ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के बीआईटी मोड़ केदल स्थित प्रांगण में शनिवार को मनरखन महतो छात्रवृत्ति परीक्षा का भव्य आयोजन किया गया। आगामी शैक्षणिक सत्र 2026 में फार्मेसी एवं पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए आयोजित इस परीक्षा में इंटरमीडिएट (विज्ञान) उत्तीर्ण करने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। संस्थान प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि इस छात्रवृत्ति परीक्षा के आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभावान और मेधावी छात्रों की पहचान कर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता और मंच प्रदान करना है। इसके माध्यम से छात्र वित्तीय बाधाओं की चिंता किए बिना उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपना भविष्य उज्जवल बना सकेंगे। संस्थान की इस विशेष छात्रवृत्ति योजना के तहत परीक्षा में प्रथम स्थान (टॉप) प्राप्त करने वाले छात्र को शिक्षण शुल्क (ट्यूशन फी) में 100 प्रतिशत की पूरी छूट दी जाएगी। प्रबंधन के अनुसार,इस परीक्षा का परिणाम आगामी 30 जून 2026 को आधिकारिक रूप से प्रकाशित कर दिया जाएगा। इस अवसर पर छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए संस्थान के अध्यक्ष मनरखन महतो ने कहा,हमारा लक्ष्य है कि कोई भी मेधावी छात्र आर्थिक तंगी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रहे। ऐसी छात्रवृत्ति परीक्षाओं का आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा,जिससे मेधावी छात्र-छात्राओं को उच्च तकनीकी और चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने में संबल मिल सके। परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के दौरान संस्थान के सभी शिक्षकगण,प्रशासनिक अधिकारी एवं शिक्षकेतर कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Spread the love