जामटोली में उपायुक्त ने किया वृक्षारोपण

360° Education Ek Sandesh Live

वन एवं खनन विभाग के संयुक्त अभियान में स्कूली बच्चों और जनप्रतिनिधियों ने भी लगाए पौधे, संरक्षण पर दिया गया विशेष जोर

AMIT RANJAN

कोलेबिरा/सिमडेगा: पर्यावरण संरक्षण एवं परित्यक्त खनन क्षेत्रों के पुनर्विकास की दिशा में सोमवार को कोलेबिरा प्रखंड के मौजा जामटोली स्थित पुराने पत्थर खनन क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन विभाग एवं खनन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह ने पौधारोपण कर हरित पहल की शुरुआत की।

इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी शांशक शेखर सिंह, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, जिला खनन पदाधिकारी महेंद्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, स्थानीय मुखिया श्रीमती अंजना लकड़ा तथा राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक पौधे लगाए। कार्यक्रम के दौरान सागवान, बरगद, अरकासिया, गम्हार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।

उपायुक्त ने कहा कि परित्यक्त खनन क्षेत्रों को हरित स्वरूप देना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख की जिम्मेदारी स्थानीय मुखिया को सौंपते हुए विशेष निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही जिला खनन पदाधिकारी को पौधों की सुरक्षा के लिए घेराबंदी एवं अन्य आवश्यक संरक्षण उपाय शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यह पहल न केवल पर्यावरण संतुलन को मजबूत करेगी, बल्कि भविष्य में परित्यक्त खनन क्षेत्रों को हरित एवं उपयोगी भूमि के रूप में विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Spread the love