तेज रफ्तार बनी काल: पेड़ से टकराई बाइक, एक युवक की मौत, दो घायल

Ek Sandesh Live Road Accident

Amit Ranjan

जलडेगा: जलडेगा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। मिली जानकारी के अनुसार, सुखाझरिया निवासी गोविंद सिंह (20 वर्ष) अपनी बाइक से साथियों मुकेश सिंह (20 वर्ष), पिता रामकुमार सिंह, तथा विशाल इंदवार (20 वर्ष), पिता विश्वनाथ इंदवार, के साथ जलडेगा की ओर आ रहे थे। बाइक गोविंद सिंह चला रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ा। हादसे में गोविंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की माता का नाम कौशल्या देवी बताया गया है। वहीं मुकेश सिंह और विशाल इंदवार का इलाज चल रहा है। अस्पताल से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय तीनों युवक शराब के नशे में थे तथा किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण बाइक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Spread the love