कांग्रेस को रामलीला मैदान में एक नवंबर को रैली करने की मिली अनुमति

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस के नतृत्व में इंडिया ब्लॉक को एक नवंबर को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की अनुमति दे दी है। इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी जारी कर दिया गया है। मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक कांग्रेस ने एक नवंबर को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की योजना बनाई है और इसके लिए आवश्यक एनओसी प्राप्त करने को लेकर पुलिस से संपर्क किया था। निर्धारित प्रदर्शन स्थल पर रैली आयोजित करने को लेकर 25 अक्टूबर से तीन नवंबर तक की अवधि तक के लिए एनओसी जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने और आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके लिए संबंधित एजेंसियों के साथ तालमेल बनाकर व्यवस्था की जा रही है।

पुलिस आयोजकों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि रैली के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। साथ ही ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। रैली के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता होगी। उल्लेखनीय है कि 30 सितंबर को इंडिया ब्लॉक ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर मिलकर काम करने की योजना तय की थी। इसमें रैलियां और ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ शामिल थे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि सभी दल इस बात पर सहमत है कि चुनाव ईवीएम की बजाय मतपत्रों से कराए जाने चाहिए। इसके बाद खरगे ने कहा था कि पार्टी 1 नवंबर को दिल्ली में एक बड़ी रैली करेगी।

Spread the love