नर्सिंग शिक्षा को मिलेगा नया आयाम, बरियातू में लेक व्यू कॉलेज ऑफ नर्सिंग इंस्टीट्यूट का हुआ उद्घाटन

Health

Eksandeshlive Desk

रांची: रांची के बरियातू स्थित जोड़ा तालाब के पास एनआरएफ फाउंडेशन द्वारा संचालित लेक व्यू कॉलेज ऑफ नर्सिंग का उद्घाटन निदेशक अफसर खान की मां नूरजहां बेगम ने किया। कॉलेज के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में नर्सिंग की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और प्रशिक्षण का नया अवसर उपलब्ध हुआ है। इस अवसर पर कॉलेज के निदेशक अफसर खान ने कहा कि संस्थान में नर्सिंग की पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें सुसज्जित लाइब्रेरी, प्रैक्टिकल की सुविधा, कंप्यूटर लैब सहित विद्यार्थियों की जरूरत से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा प्रदान करने के साथ उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

अफसर खान ने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में आर्थिक बाधा नहीं आए, इसके लिए सरकार की ओर से मिलने वाली छात्रवृत्ति और बैंकों के माध्यम से शिक्षा ऋण की सुविधा से संबंधित सहयोग भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्थान में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने और उनके व्यावहारिक ज्ञान को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मौके पर डॉ. नसीम अख्तर ने संस्थान की शैक्षणिक सुविधाओं और पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान को झारखंड फार्मेसी काउंसिल से मान्यता और झारखंड सरकार से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त होने की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि कॉलेज में फिलहाल जीएनएम के तीन वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए 60 सीटें और बीएससी नर्सिंग के चार वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए 60 सीटें उपलब्ध हैं। इस प्रकार दोनों पाठ्यक्रमों में कुल 120 सीटों पर विद्यार्थियों के लिए अवसर उपलब्ध हैं। डॉ. नसीम अख्तर ने कहा कि आने वाले समय में संस्थान का धीरे-धीरे विस्तार करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को नर्सिंग शिक्षा का अवसर मिल सके। कॉलेज प्रबंधन का लक्ष्य आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को नर्सिंग के क्षेत्र में बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है। इस नए संस्थान के शुरू होने से रांची और आसपास के क्षेत्रों के उन विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जो जीएनएम और बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं।

Spread the love