Eksandeshlive Desk
पलामू: जिले में दुर्गा पूजा महोत्सव धार्मिक उल्लास और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा की पूजा उपासना को लेकर श्रद्धालु उत्साहित हैं। शहर से लेकर गांव तक भक्ति का माहौल है और लोग मां दुर्गा महारानी की प्रतिमा और पूजा पंडालों के निर्माण में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। शनिवार सप्तमी तिथि पर पूजा पंडालों के पट खोल दिए गए। इसके साथ ही मां ने श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में इस वर्ष 650 से अधिक जगहों पर महोत्सव की आयोजन हुआ है। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में 42 स्थानों पर पूजा की जा रही है। जिले में कई जगहों पर आकर्षक पूजा पंडाल बनाये गए हैं। इन पंडालों में विभिन्न प्रसिद्ध मंदिरों की प्रतिकृति तैयार की गयी है।
शहर के करीब आधा दर्जन से अधिक पूजा संघों ने इस वर्ष विशेष तैयारी की है। पूरे आयोजन पर लाखों खर्च का अनुमान है। बैरिया चौक के पास जीनियस क्लब टोक्यो के डिज्नी का सिंड्रेला कैसल के प्रारूप के आधार पर 110 फीट ऊंचा पंडाल और 14 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा बनाया है। भारत माता चौक के पास सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति 85 फीट ऊंचा तिरुपति बालाजी मंदिर का पंडाल और 15 फीट ऊंची प्रतिमा बनायी है। हाउसिंग कालोनी में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष अयोध्या के श्रीराम मंदिर, जीएलए कॉलेज रोड में जय मां जगदंबे संघ मायापुर के इस्कॉन मंदिर, मां भगवती दुर्गा पूजा समिति 35 फीट ऊंचा शिवालय के प्रारूप पर भव्य पंडाल तैयार किया है। इसी तरह जय भवानी संघ, जय मां शेरावाली क्लब, दुकानदार संघ, बाल समाज, किशोर समाज,जनता सेवक संघ, स्टूडेंट क्लब, न्यू बाल संघ, न्यू एकता स्टार क्लब, युवा शक्ति विकास संघ, शांति विकास संघ, प्रगतिशील दुर्गा पूजा समिति, चैंपियन क्लब, सांस्कृतिक क्लब, बाबा क्लब, झारखंड क्लब, रेलवे क्लब, रेलवे माल गोदाम समिति सहित विभिन्न पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पंडाल और प्रतिमा का निर्माण किया गया है। पूजा पंडालों को इलेक्ट्रॉनिक लाइट, झालर से सजाया गया है। रात के समय इनकी खूबसूरती देखते बनेगी।
