MUSTFA
मेसरा (राँची): ओरमांझी थाना क्षेत्र के हतवाल गांव निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग जयपाल महतो उर्फ झापा जिंदगी की जंग हार गए। बीते शुक्रवार को जंगली हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल जयपाल महतो का राँची के रिम्स अस्पताल में इलाज चल रहा था,जहां बुधवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही महुआपतरा और हतवाल गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,बीते शुक्रवार की सुबह गांव में एक विशालकाय जंगली हाथी घुस आया था। ग्रामीणों द्वारा हाथी को खदेड़ने के प्रयास के दौरान वह अचानक उग्र हो गया और भीड़ पर हमला कर दिया।
उम्रदराज होने के कारण जयपाल महतो समय रहते वहां से भाग नहीं सके और हाथी ने उन्हें बेरहमी से कुचल दिया। उन्हें अत्यंत गंभीर हालत में रिम्स में भर्ती कराया गया था। जयपाल महतो के निधन से उनके दोनों बेटों,मनीराम और धनीराम के सिर से पिता का साया उठ गया है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल उचित सरकारी मुआवजा और आर्थिक संबल देने की मांग की है। उधर, क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मानव-हाथी द्वंद्व और वन विभाग की निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
