दुमका में पिता ने की बेटी की हत्या, बचाने आए बुजुर्ग की भी गई जान, आरोपी गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

दुमका : जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बेलूडीह गांव में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की हत्या कर दी। बेटी को बचाने और आरोपी को समझाने पहुंचे गांव के एक बुजुर्ग पर भी उसने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृत बच्ची की पहचान पुड़की कुमारी (13) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक गांव निवासी 68 वर्षीय सरजू मंडल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार को आरोपी मनोज मंडल किसी बात को लेकर अपनी बेटी की बेरहमी से पिटाई कर रहा था। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर सरजू मंडल बीच-बचाव के लिए पहुंचे और मनोज मंडल को समझाने का प्रयास किया। इस बात से नाराज होकर मनोज मंडल ने सरजू मंडल पर भी हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की सहायता से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें देवघर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इधर, मारपीट में गंभीर रूप से घायल पुड़की कुमारी की भी मौत हो गई। आरोप है कि हत्या के बाद मनोज मंडल ने बच्ची के शव को गांव के एक कुएं में फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके। घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Spread the love