जमीन बिक्री से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदला, छोटे भाई ने बड़े भाई को मारी गोली, मौत

Crime

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम : जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में जमीन बिक्री से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया। छोटे भाई ने गुस्से में अपने ही बड़े भाई को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने मंगलवार काे बताया कि जयपुर गांव में सड़क किनारे स्थित एक कीमती जमीन हाल ही में बेची गई थी। इसी जमीन की बिक्री से प्राप्त रकम के बंटवारे को लेकर सोमवार देर रात दो सगे भाइयों के बीच विवाद शुरू हुआ।

पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान छोटे भाई महेंद्र लागुरी ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर अपने 30 वर्षीय बड़े भाई शंकर लागुरी पर गोली चला दी। गोली लगते ही शंकर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। सभी ने तत्काल घायल शंकर को चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए रिम्स रांची रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के लिए रांची ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस बल के साथ जयपुर गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वारदात के बाद आरोपित महेंद्र लागुरी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में जमीन बिक्री से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Spread the love