अखिलेश की सोनम वांगचुक से भावुक अपील, उद्धव और केजरीवाल ने भी पर्यावरणविद् की बिगड़ती स्थिति पर गंभीर चिंता जताई

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और आम आदमी पार्टी (आआपा) के संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित कई नेताओं ने जंतर-मंतर पर 17 दिन से अनशन पर बैठे पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की बिगड़ती स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए उनसे अनशन तोड़ने की अपील की। सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने मंगलवार को एक्स पोस्ट में यह जानकारी दी। सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ती जा रही है। उनका वजन आठ किलो से ज्यादा कम हो गया है।

सोनम वांगचुक से अखिलेश यादव ने भावुक अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया। अखिलेश यादव ने कहा, ”सोनम वांगचुक जी हमारा अति विनम्र आग्रह और सविनय अपील है कि वो अपना अनशन तोड़ दें। उनका जीवन समस्त विश्व के लिए अनमोल है, क्योंकि उसमें मानवता और पर्यावरण के लिए उतनी ही प्रतिबद्धता है, जितनी की लोकतंत्र के लिए। जिस भाजपा सरकार को जगाने के लिए वो आमरण अनशन पर हैं, वो तो एक सिद्धांतहीन, भ्रष्ट तंत्र है, उसकी असंवेदनशीलता और ह्रदयहीनता में किसी के भी त्याग का कोई महत्व नहीं है। अत: भाजपाइयों से सदाचार और ह्रदय-परिवर्तन की कोई भी अपेक्षा निरर्थक है।” उन्होंने आगे कहा, ”भाजपाइयों के लिए किसी के जीवन का कोई मोल नहीं है। उनके लिए धन ही प्रधान है। वो भ्रष्टाचार से कमाए पैसों के घमंड में चूर हैं। उनमें बदलाव की आशा करना व्यर्थ है। जिनमें अहंकार होता है, उनमें परिष्कार नहीं होता। ‘सत्याग्रह’ का महत्व वो क्या जानें, जो ‘सत्ताग्रह’ के लालच में मंदिर तक लूट ले रहे हैं। उन्हें न युवाओं के भविष्य से कुछ लेना-देना है, न उनके माता-पिता और अन्य परिजनों के सपनों से, वो तो खुदगर्ज लोग हैं। लोकतंत्र का गला घोटने वाली महापापी-अधर्मी भाजपा और उसके भूमिगत अपंजीकृत संगी-साथियों के गिरोह को हराने और सदैव के लिए हटाने के लिए आपके मनोबल और नैतिकता की महाशक्ति हर सच्चे भारतीय की प्रेरणा बनती रहे और आप देशवासियों, युवाओं, लोकतंत्र और पर्यावरण के संघर्ष के लिए नकारात्मक ताकतों के खिलाफ सदैव प्रकाश स्तंभ बने रहें, यही हम सबकी चाह है और प्रार्थना भी।” वहीं केजरीवाल ने कहा कि सोनम वांगचुक कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। हम उनकी मांगों का समर्थन करते हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफ़ा दे देना चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि वे गुरुवार को जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक से मिलने जाएंगे और उनसे अपील करेंगे कि वह अपनी भूख हड़ताल अब समाप्त कर दें।

वहीं, समर्थकों की ओर से अनशन समाप्त करने की भावुक अपीलों पर वांगचुक ने अडिग रहते हुए कहा, “मुझसे अनशन खत्म करने के लिए मत कहो। सरकार से पूछो कि वे आखिरकार बातचीत की मेज पर क्यों नहीं आ रहे हैं?” उद्धव ठाकरे, केजरीवाल और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने सीजेपी के जंतर-मंतर से संसद तक एक शांतिपूर्ण मार्च का समर्थन करने की बात कही है। आंदोलनकारियों ने देश की जनता से डिजिटल हमदर्दी छोड़कर सड़कों पर उतरने और इस मार्च को सफल बनाने के लिए ‘70116 70115’ पर मिस्ड कॉल देकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि देशभर के छात्र विभिन्न मुद्दों और प्रशासनिक विफलताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। विपक्ष के कई नेताओं का इस आंदोलन को समर्थन मिल रहा है। वहीं, सोनम वांगचुक और यहां एकत्रित छात्र समूह का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

Spread the love