स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता पर पर्दा डाल रही सरकार : शोभा यादव

360° Ek Sandesh Live

News by Sunil


रांची । भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शोभा यादव ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का बयान राज्य सरकार की विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय उनसे ध्यान भटकाने का प्रयास प्रतीत होता है। उन्होंने कही कि राज्य की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रतिदिन इस कुव्यवस्था के कारण मौत हो रही हैं। कहा कि यदि 108 एंबुलेंस सेवा में इतनी गंभीर अनियमितताएँ थीं कि एजेंसी पर प्राथमिकी दर्ज करने और सिविल सर्जन को शोकॉज नोटिस देने की आवश्यकता पड़ गई, तो सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि आखिर यह स्थिति बनने ही क्यों दी गई। स्वास्थ्य विभाग की संपूर्ण जिम्मेदारी मंत्री और सरकार की होती है। केवल एजेंसी को दोषी ठहराकर या अधिकारियों पर कार्रवाई की घोषणा कर देने से सरकार अपनी जवाबदेही से मुक्त नहीं हो सकती। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड की जनता पिछले कई वर्षों से बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की अपेक्षा कर रही है। समय पर एंबुलेंस न मिलना, अस्पतालों में संसाधनों की कमी, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता से जुड़े प्रश्न तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रभावी ढंग से न पहुँच पाना आज भी बड़ी चुनौतियाँ हैं। ऐसे समय में जनता को समाधान चाहिए, न कि केवल बयान और घोषणाएँ।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मानना है कि स्वास्थ्य जैसी संवेदनशील व्यवस्था में जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जनता भाजपा का स्पष्ट मत है कि स्वास्थ्य सेवाएँ किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती हैं। जनता को दोषारोपण, राजनीतिक बयानबाजी और प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं, बल्कि समय पर एंबुलेंस, बेहतर अस्पताल, पर्याप्त दवाइयाँ, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी और प्रभावी स्वास्थ्य व्यवस्था चाहिए।

Spread the love