बहुचर्चित नाबालिग भाई-बहन हत्या कांड का सफल उद्भेदन करने पर कटकमदाग थाना प्रभारी सम्मानित

360° Ek Sandesh Live

हजारीबाग : जिले के बहुचर्चित कटकमदाग नाबालिग बहन-भाई अपहरण एवं हत्या कांड के मुख्य आरोपी कि सफल उद्भेदन एवं गिरफ्तारी में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले कटकमदाग थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक सरोज सिंह चौधरी को हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया है। इस सम्मान को हजारीबाग पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। ज्ञात हो कि कटकमदाग थाना क्षेत्र से 31 मई 2026 को एक नाबालिग बच्ची और उसके छोटे भाई के अपहरण के बाद उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी, इस हृदयविदारक घटना से पूरे जिले में आक्रोश और शोक का माहौल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के माध्यम से मुख्य आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की थी, जिसके बाद आक्रोशित जनता शांत हुई थी। इस पूरे अभियान में कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही, उन्होंने अपनी टीम के साथ लगातार प्रयास करते हुए मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे तक पहुंचाया, इस सफलता ने पुलिस की पेशेवर कार्यशैली, अपराध अनुसंधान की क्षमता और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की प्रतिबद्धता को भी साबित किया। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि सरोज सिंह चौधरी ने इस चुनौतीपूर्ण और संवेदनशील मामले में अपनी दक्षता, सूझबूझ, साहस तथा कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट परिचय दिया है। उनका कार्य न केवल सराहनीय है, बल्कि पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों और जवानों के लिए भी प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय है। प्रशस्ति पत्र में पुलिस अधीक्षक ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारी पुलिस संगठन की कार्यक्षमता और जनविश्वास को मजबूत करते हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित करने की परंपरा से पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है तथा बेहतर पुलिसिंग के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार होता है।हजारीबाग पुलिस द्वारा दिया गया यह सम्मान इस बात का भी संदेश है कि जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाकर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। जिले में अपराध नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

Spread the love