Eksandeshlive Desk
ईस्ट रदरफोर्ड : यूरोपीय चैंपियन स्पेन ने रोमांचक फाइनल में गत चैंपियन अर्जेंटीना को सोमवार तड़के (भारतीय समयानुसार) अतिरिक्त समय में 1-0 से हराकर दूसरी बार फीफा विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। अतिरिक्त समय के 106वें मिनट में फेरान टोरेस ने विजयी गोल दागकर स्पेन को 2010 के बाद पहला और कुल दूसरा विश्व कप दिलाया। बार्सिलोना के स्टार फारवर्ड फेरान टोरेस 62वें मिनट में मिकेल ओयारजाबाल की जगह मैदान पर उतरे थे। अतिरिक्त समय में निको विलियम्स ने पेड्रो पोरो के क्रॉस पर शानदार हेडर लगाया, जिसे अर्जेंटीना पूरी तरह क्लियर नहीं कर सका। गेंद फेरान टोरेस के पास पहुंची और उन्होंने नजदीक से गोल कर स्पेन को बढ़त दिला दी। इससे पहले मुकाबले का रुख 90वें मिनट में बदल गया, जब अर्जेंटीना के मिडफील्डर एंजो फर्नांडीज ने स्पेन के युवा डिफेंडर पाउ कुबार्सी पर खतरनाक फाउल कर दिया। रेफरी स्लावको विन्चिच ने उन्हें दूसरा पीला कार्ड दिखाते हुए लाल कार्ड थमा दिया, जिसके बाद अर्जेंटीना को शेष मुकाबला 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। पूरे मैच में स्पेन का दबदबा देखने को मिला। स्पेन ने लगातार आक्रमण किए और कई गोल करने के अवसर बनाए, हालांकि उसे सफलता अतिरिक्त समय तक नहीं मिली।
प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे मेसी : दूसरी ओर, अर्जेंटीना स्पेन की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने संघर्ष करता नजर आया। लियोनेल मेसी भी इस मुकाबले में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। अर्जेंटीना का पहला शॉट 117वें मिनट में आया, जब मेसी का प्रयास स्पेन के खिलाड़ियों ने ब्लॉक कर दिया। लगातार दूसरे विश्व कप खिताब की उम्मीद लगाए बैठी अर्जेंटीना की टीम 1962 के बाद पहली बार खिताब बचाने वाली टीम बनने का सपना भी पूरा नहीं कर सकी। मैच के अंतिम मिनटों में अर्जेंटीना ने बराबरी के लिए जोरदार प्रयास किए, लेकिन स्पेन के खिलाड़ियों ने शानदार रक्षण करते हुए बढ़त बरकरार रखी और इतिहास रच दिया। यह 48 टीमों वाले अब तक के सबसे बड़े फीफा विश्व कप का 104वां और अंतिम मुकाबला था, जिसकी मेजबानी संयुक्त रूप से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको ने की। टूर्नामेंट में कुल 307 गोल हुए, जो विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक रहे। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए खेल और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां भी स्टेडियम पहुंचीं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मैच के दौरान मौजूद रहे और पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए। समापन समारोह में प्रसिद्ध गायक पोस्ट मेलोन ने प्रस्तुति दी, जबकि हाफ टाइम शो में जस्टिन बीबर, मैडोना, शकीरा, बीटीएस, बर्ना बॉय सहित कई वैश्विक कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
अर्जेंटीना के राजदूत ने समर्थन के लिए भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों को दिया धन्यवाद : फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन से अतिरिक्त समय में 0-1 से हारकर उपविजेता रही अर्जेंटीना की टीम को मिले समर्थन के लिए भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कौसिनो ने भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया है। कौसिनो ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए भारत में अर्जेंटीना के प्रति लगातार बढ़ रहे समर्थन की सराहना की। उन्होंने लिखा, “इस विश्व कप के दौरान अर्जेंटीना की टीम को लगातार समर्थन देने के लिए भारत के लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद। भारत, एक बार फिर आपका शुक्रिया!” विश्व कप-2022 में लियोनेल मेस्सी की अगुआई में अर्जेंटीना के विश्व चैंपियन बनने के बाद भारत में टीम और मेस्सी के प्रशंसकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसी कारण पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारत में भी प्रशंसकों ने अर्जेंटीना का उत्साहवर्धन किया। डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरी अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप के फाइनल में पहुंची, लेकिन खिताब बचाने का उसका सपना न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में टूट गया।
