पांच परगना में भव्य करम मिलन समारोह, लोक कलाकारों ने बांधा समां

360° Ek Sandesh Live Religious

हेमन्त

राहे: पांच परगना ऑल आर्टिस्ट एसोसिएशन (पीएएए), राहे प्रखंड के तत्वावधान में मिडिल स्कूल कापीडीह-चंदनडीह में भव्य करम मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पांचपरगना क्षेत्र के राहे, सोनाहातू, तमाड़, सिल्ली, बुंडू और अड़की सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोक कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत करम राजा की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद कलाकारों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। पूरे कार्यक्रम में झारखंड की लोक संस्कृति और परंपरा की खूबसूरत झलक देखने को मिली।

कलाकार पारंपरिक वाद्य यंत्रों और पोशाकों से सुसज्जित होकर कार्यक्रम में शामिल हुए। भादर, झूमर, पांता नाच और जादुर नाच जैसे पारंपरिक लोकगीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक भी उत्साह से झूमते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान संगीत नाटक अकादमी से सम्मानित सोमवारी देवी की टीम ने भी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह में पंचपरगनिया भाषा विकास समिति के सचिव डॉ. करम चंद्र अहीर, तमाड़ विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि सह सलाहकार रीता मुंडा, समाजसेवी चमर मुंडा, शिवशंकर मुंडा, सावना मुंडा और तपन बाबा सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में पीएएए की केंद्रीय टीम के सचिव जगतपाल, उपसचिव गुरुवा लोहरा, उपाध्यक्ष अजय मुंडा, कानूनी सलाहकार सह बिरसा एनजीओ के सचिव मदन महतो, नवोदय एनजीओ के रितेश पोद्दार तथा प्रखंड टीम के अध्यक्ष फेकुराम महतो, सचिव खेदुराम महतो, कोषाध्यक्ष घनश्याम अहीर सहित सहदेव महतो, अनीता कुमारी, सृष्टि सांडिल, ठाकुर दास कोइरी, जगजीवन लोहरा समेत कई लोगों की भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन पीएएए के सचिव जगतपाल ने किया। समारोह के माध्यम से पांचपरगना क्षेत्र की लोक कला, भाषा और सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

Spread the love