जाराटांड़ व भेलवाडीह गांव में विधायक भूषण बाड़ा ने किया ट्रांसफार्मर का उद्घाटन
AMIT RANJAN
सिमडेगा: पाकरटांड़ के क्रूसकेला पंचायत के जाराटांड़ और भेलवाडीह गांव में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगाए गए नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन विधायक भूषण बाड़ा ने किया। मौके पर जिप सदस्य जोसिमा खाखा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ट्रांसफार्मर शुरू होने से दोनों गांवों के ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। जाराटांड़ गांव में आयोजित कार्यक्रम में विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली केवल रोशनी का साधन नहीं बल्कि शिक्षा, रोजगार और विकास की बुनियाद है। गांवों में बिजली की समस्या को दूर करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जरूरत और मांग के अनुसार क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। जहां ट्रांसफार्मर की जरूरत है, वहां नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं और खराब विद्युत व्यवस्था को भी दुरुस्त कराया जा रहा है। विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से भी बिजली का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की। साथ ही कहा कि बच्चों की पढ़ाई से लेकर किसानों के काम और छोटे व्यवसाय तक, बिजली की उपलब्धता से ग्रामीण जीवन को काफी सुविधा मिलेगी।
सिर्फ शहरों में नहीं, गांवों में भी पहुंचे सभी सुविधाएं: जोसिमा खाखा
वहीं जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि विकास का मतलब सिर्फ शहरों तक सुविधाएं पहुंचाना नहीं बल्कि सुदूर गांवों में रहने वाले लोगों को भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। गांवों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी होती थी। नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से लोगों को राहत मिलेगी और गांव के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा मिलने से गांव के लोगों को काफी लाभ होगा। जाराटांड़ में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत अध्यक्ष पनवेल लकड़ा, विधायक प्रतिनिधि शीतल एक्का, प्रतिमा कुजूर, उर्मिला केरकेट्टा, दिव्या सोरेंग, सुरेश केरकेट्टा, सैहून एक्का, हालेन टोप्पो, संजय एक्का, मनोज तिर्की, अमर केरकेट्टा, राजन किंडो, नेम्हास एक्का, ईसतोष केरकेट्टा, अमरमणी तिर्की सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। वहीं भेलवाडीह में विधायक प्रतिनिधि शीतल एक्का, पंचायत अध्यक्ष पनवेल लकड़ा, प्रतिमा कुजूर, उर्मिला केरकेट्टा, दिव्या सोरेंग, सुरेश केरकेट्टा, रॉबर्ट कुल्लू, पंखड़ासीयूस केरकेट्टा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
