डूरंड कप 2026: रांची पहली बार मेजबान

Ek Sandesh Live Sports

बिरसा मुंडा स्टेडियम में होंगे रोमांचक मुकाबले

SUNIL KUMAR VERMA

रांची: डूरंड कप के 135वें संस्करण में इस बार झारखंड की राजधानी रांची को पहली बार मेजबानी का मौका मिला है। यह राज्य के खेल इतिहास के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
टूर्नामेंट की शुरुआत 25 जुलाई से होगी, जबकि रांची में मुकाबले 26 जुलाई से 16 अगस्त तक खेले जाएंगे। सभी मैच बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित होंगे। यहां लीग चरण के कई मुकाबलों के साथ एक क्वार्टर फाइनल मैच भी खेला जाएगा।
रांची में होने वाले मैचों में इंडियन सुपर लीग की मजबूत टीम जमशेदपुर एफसी और स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के अलावा भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम भी मैदान में उतरेगी। खास बात यह है कि श्रीलंका सशस्त्र बलों की टीम डिफेंडर्स एफसी पहली बार इस टूर्नामेंट में भाग ले रही है।
इस बार डूरंड कप में कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं और मुकाबले देश के पांच शहरों—कोलकाता, रांची, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी में खेले जाएंगे। रांची को मेज़बान बनाना टूर्नामेंट के विस्तार और झारखंड में फुटबॉल को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
टूर्नामेंट का फाइनल 23 अगस्त को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा। डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है। इसका आयोजन भारतीय सेना द्वारा किया जाता है और यह प्रतियोगिता देश के उभरते खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने के लिए जानी जाती है।

Spread the love