रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल होने पर तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मी निलंबित, विभागीय जांच शुरू

Crime

Eksandeshlive Desk

जमशेदपुर : जमशेदपुर में ट्रैफिक जांच अभियान के दौरान कथित रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने वायरल वीडियो और प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर यातायात शाखा के सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) ललन सिंह तथा आरक्षी प्रकाश कुमार और पंकज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान के समीप गुरुवार सुबह ट्रैफिक पुलिस का वाहन जांच अभियान चल रहा था। लंबे अंतराल के बाद शुरू किए गए इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे एक युवक को रोककर पूछताछ की गई।

आरोप है कि कार्रवाई का भय दिखाकर उससे अवैध रूप से रुपये की मांग की गई। यह भी आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कैमरे की नजर से बचने का प्रयास करते हुए उससे नकद राशि ले ली। बताया जा रहा है कि पूरी घटना वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा। वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नीरज पाठक से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करने का आदेश दिया गया। शुक्रवार को ट्रैफिक डीएसपी नीरज पाठक ने कहा कि मामले की विभागीय जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के मामलों में शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति पर कार्य कर रहा है और किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Spread the love