झमाझम बारिश से रांची समेत कई इलाकों को गर्मी-उमस से राहत, दो दिन भारी वर्षा का अलर्ट

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से जारी गर्मी और उमस के बीच सोमवार दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश ने लोगों को राहत दी। बारिश के कारण तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे उमस कम हुई और मौसम सुहाना हो गया। बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में लोगों ने राहत की सांस ली और शाम के समय मौसम खुशनुमा बना रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार सोमवार को राज्य के मध्य और उससे सटे उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। वहीं मंगलवार को उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और निकटवर्ती मध्यवर्ती क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। इसके अलावा कई स्थानों पर गरज के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और मानसूनी सिस्टम के सक्रिय रहने के कारण झारखंड में वर्षा की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले 48 घंटे तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 61.4 मिलीमीटर वर्षा पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी में दर्ज की गई। वहीं सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को रांची में सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादल घिर आए और कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया और वाहन चालकों को कुछ समय के लिए धीमी गति से आवागमन करना पड़ा। हालांकि बारिश थमने के बाद मौसम पूरी तरह से सुहावना हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली।

राजधानी रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री तथा न्यूनतम 24.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.5 डिग्री और न्यूनतम 26.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 34.2 डिग्री तथा न्यूनतम 27.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने, वज्रपात के समय पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है। विभाग का कहना है कि मानसून फिलहाल सक्रिय बना हुआ है और आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।

Spread the love