बारिश में भीगता मिला मिड-डे मील, विधायक ने जताई नाराजगी

Education

Eksandeshlive Desk

खूंटी : कर्रा प्रखंड की छाता पंचायत स्थित राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय, छाता में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) व्यवस्था में अनियमितताओं को लेकर खूंटी के विधायक रामसूर्या मुंडा ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। विद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। निरीक्षण के दौरान विधायक ने देखा कि मिड-डे मील खुले स्थान पर वितरित किया जा रहा था। उस समय बारिश होने के कारण वर्षा का पानी भोजन में गिर रहा था, जबकि छात्र-छात्राएं उसी भोजन को ले रहे थे। विधायक ने इसे बच्चों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि जिस योजना का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना है, उसकी गुणवत्ता से समझौता किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि एक शिक्षक बच्चों को भोजन मिलने से पहले स्वयं मिड-डे मील ग्रहण कर रहे थे, जबकि बच्चे बारिश में भीगते हुए भोजन की प्रतीक्षा कर रहे थे। इस पर उन्होंने विद्यालय प्रभारी को फटकार लगाते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य बताया। बच्चों से बातचीत में कई विद्यार्थियों ने शिकायत की कि उन्हें कई बार निर्धारित मेन्यू के अनुरूप भोजन नहीं मिलता और अंडा भी नियमित रूप से उपलब्ध नहीं कराया जाता। विधायक ने कहा कि यदि सरकारी योजनाओं के संचालन में इस प्रकार की लापरवाही जारी रही तो इसका सबसे अधिक नुकसान गरीब और जरूरतमंद बच्चों को उठाना पड़ेगा। रामसूर्या मुंडा ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कराने, दोषी शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और जिम्मेदार कर्मियों को हटाने की मांग की। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालय प्रभारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य तथा अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Spread the love