आरआरबी परीक्षा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे चलाएगा विशेष परीक्षा ट्रेन

360°

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम : रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की विभिन्न परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा अवधि के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने विशेष परीक्षा ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से झारखंड, बिहार और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को काफी राहत मिलेगी। दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से रविवार को जारी जानकारी के अनुसार पहली विशेष ट्रेन संख्या 08183/08184 राउरकेला–रामगढ़ कैंट–राउरकेला परीक्षा स्पेशल 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक निर्धारित तिथियों में संचालित होगी। यह ट्रेन राउरकेला से शाम 8.30 बजे प्रस्थान करेगी और बानो, हटिया, रांची तथा मुरी होते हुए अगले दिन तड़के 2.15 बजे रामगढ़ कैंट पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन रामगढ़ कैंट से सुबह 5.15 बजे रवाना होकर मुरी, रांची, हटिया और बानो के रास्ते पूर्वाह्न 11.30 बजे राउरकेला पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 18 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य श्रेणी एवं एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 08601/08602 रांची–सबौर–रांची परीक्षा स्पेशल का परिचालन 3 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक विभिन्न निर्धारित तिथियों में कुल 15-15 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन रांची से शाम 7 बजे प्रस्थान कर बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, तिलैया, नवादा, वारसलीगंज, शेखपुरा, लखीसराय जंक्शन, किऊल, अभयपुर, जमालपुर जंक्शन, सुल्तानगंज और भागलपुर होते हुए सुबह 8 बजे सबौर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन सबौर से सुबह 9.50 बजे रवाना होकर उसी मार्ग से रात 10.45 बजे रांची पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन का उद्देश्य परीक्षा अभ्यर्थियों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है, ताकि परीक्षा के दौरान अतिरिक्त भीड़ का दबाव नियमित ट्रेनों पर कम किया जा सके। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के परिचालन दिवस एवं समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

Spread the love