पलामू में दो आदिवासी बच्चियों का अपहरण, एक आरोपी गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के सकलदीपा उरांव टोला में दो आदिवासी बच्चियों के अपहरण के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में रविवार को पांकी विधायक डॉ कुशवाहा शशिभूषण मेहता सकलदीपा पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। विधायक ने बताया कि माड़न निवासी ओसीम अंसारी ने 17 वर्षीय और 7 वर्षीय दो आदिवासी बच्चियों का अपहरण कर लिया है। अपहरण में सहयोगी जमशेद अंसारी को पांकी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी ओसीम अंसारी अब भी फरार है। विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपित सकलदीपा के आदिवासी समुदाय के लोगों को तीन टुकड़ा कर देने की धमकी दे रहे हैं। इससे पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

डॉ मेहता ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि फरार आरोपी ओसीम अंसारी को अविलंब गिरफ्तार किया जाए और बच्चियों को सुरक्षित बरामद किया जाए। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। विधायक ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की। लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार और पांकी थाना पुलिस पीड़ित परिवार से मिलकर छानबीन में जुट गई है। इस अवसर पर समाजसेवी कमेश यादव, मंडल अध्यक्ष रोशन सिंह, मंटू शर्मा, सुनील प्रसाद गुप्ता, मुकेश गुप्ता, अनिल साव, लालधारी उरांव, बिनोद उरांव, कैलाश उरांव, प्रेम उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के लोग मौजूद थे।

Spread the love