चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता सहित सात लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब शादी समारोह में शामिल होकर पिकअप वैन से लौट रहे लोग मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर दुर्घटना का शिकार हो गए। घटना मेदासाई स्थित खजूर पुल के समीप देर रात की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आनंदपुर प्रखंड के हारता गांव से पिकअप वैन पर सवार होकर करीब 16 लोग शादी समारोह में शामिल होने के बाद ओडिशा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मेदासाई में विजय पूर्ति के घर के पास एक संकीर्ण मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद तेज रफ्तार पिकअप सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई व वाहन में सवार लोग उसके नीचे तथा आसपास दब गए। हादसे में ओडिशा के लाठीकाटा थाना क्षेत्र के सरगीगड़ा गांव निवासी संकीत कुजूर पिकअप के नीचे दब गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने के लिए करीब एक घंटे तक मशक्कत की। काफी प्रयास के बाद युवक को बाहर निकालकर अन्य घायलों के साथ मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद संकीत को मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में मृतक के पिता रोबिन कुजूर (40), एलेक्स लकड़ा (24), पौलुष धान (33), समित कुजूर (24), प्रताप मिंज (21), पत्रस बरवा (21) व पूर्णो मिंज (19) घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एलेक्स लकड़ा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, अन्य छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलने पर मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची व राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
