Eksandeshlive Desk
रांची: राजनीतिक रणनीतिकार, लेखक एवं समाजसेवी डॉ. अतुल मलिकराम को सामाजिक सरोकार, जनसेवा और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में कार्य करने के लिए नई दिल्ली में वर्ल्ड कल्चर एंड एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन कमीशन द्वारा आयोजित ‘भारतीय पद्म विभूषण सम्मान 2026-27’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान समाज, शिक्षा, साहित्य, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया गया।
सम्मान मिलने पर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि यह उनके लिए गौरव और कृतज्ञता का विषय है तथा यह सम्मान सामाजिक सरोकारों, जनसेवा और समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने के उनके संकल्प को और मजबूत करता है। डॉ. मलिकराम ने कहा, “यह सम्मान मेरे लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के प्रयासों का सम्मान है, जिनसे मैं लंबे समय से जुड़ा रहा हूं। समाज में सकारात्मक बदलाव केवल बड़े अभियानों से नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने, युवाओं को सही दिशा देने, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाने और सामाजिक विषयों पर निरंतर संवाद करने से आता है। मेरा प्रयास हमेशा यही रहा है कि अपने लेखन, राजनीतिक रणनीति और सामाजिक कार्यों के माध्यम से उन मुद्दों को सामने लाया जाए, जिन पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। यह सम्मान मुझे आगे भी समाज और पर्यावरण के लिए और अधिक जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।
