जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों का सत्याग्रह 11वें दिन भी जारी, भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता की तबीयत बिगड़ी

Education

Eksandeshlive Desk

रांची : जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में रांची में अभ्यर्थियों का सत्याग्रह आंदोलन मंगलवार को 11वें दिन भी जारी रहा। वहीं, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल तीसरे दिन में प्रवेश कर गई। इस दौरान भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेन्द्रनाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई। आंदोलनकारियों के अनुसार, लगातार उपवास के कारण देवेन्द्रनाथ महतो का ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर गिर गया। उन्हें कमजोरी, डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने पर चिकित्सकों की सलाह पर स्लाइन चढ़ाई गई। उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी, अभिभावक और समर्थक पहुंच गए और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग के समर्थन में आंदोलन में शामिल हुए।

देवेन्द्रनाथ महतो ने कहा कि यह आंदोलन झारखंड के युवाओं के अधिकार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और न्याय की मांग को लेकर चलाया जा रहा है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष और जनहित की भावना से प्रेरणा लेकर युवाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलनकारियों का कहना है कि यह किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं, बल्कि राज्य के बेरोजगार युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है। आंदोलनकारियों ने राज्य सरकार से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा अभ्यर्थियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और अन्य समर्थकों की मौजूदगी रही।

Spread the love