Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: रचनात्मक कांग्रेस का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन बुधवार से कांस्टीट्यूशन क्लब में होगा। अधिवेशन में शिक्षा, सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय, बेरोजगारी और पर्यावरण समेत जनसमाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें पहले दिन करीब 400 और दूसरे दिन करीब 600 प्रतिनिधि देशभर से शामिल होंगे। रचनात्मक कांग्रेस के अध्यक्ष संदीप दीक्षित ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि अधिवेशन के पहले दिन संगठन और रचनात्मक कांग्रेस की रणनीति पर चर्चा होगी। दूसरे दिन पहले दिन की चर्चाओं की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
रचनात्मक कांग्रेस के अध्यक्ष संदीप दीक्षित ने बताया कि दोनों दिन अधिवेशन का ओपन सेशन होगा। इसमें लोगों के सवाल लिए जाएंगे और उनके जवाब दिए जाएंगे। रचनात्मक कांग्रेस ऐसा मंच है, जहां सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों को उठाने वाले लोग एक साथ आ सकते हैं। दीक्षित ने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस ऐसे लोगों से संवाद करने का मंच है, जो लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और जमीन से जुड़कर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले अधिवेशन के लिए सुबह 10 बजे का समय निर्धारित किया गया था लेकिन स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के चलते कार्यक्रम का समय बढ़ाकर दोपहर 12 बजे कर दिया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे संबोधित करेंगे, जबकि दोपहर दो बजे के बाद राहुल गांधी लोगों से संवाद करेंगे।
