नेपाल दौरे पर भारतीय सेनाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से की मुलाकात

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

काठमांडू: नेपाल दौरे पर आये भारत के थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से शिष्टाचार भेंटवार्ता की। इस मुलाकात में नेपाल और भारत के द्विपक्षीय संबंधों तथा रक्षा सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। सिंहदरबार स्थित प्रधानमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय में हुई भेंट के दौरान नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। नेपाली सेना के प्रधान सेनापति जनरल अशोकराज सिग्देल के औपचारिक निमंत्रण पर जनरल धीरज सेठ चार दिवसीय नेपाल दौरे पर रविवार को काठमांडू पहुंचे थे। उनके दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच सैन्य संबंधों और सहयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने शीतल निवास में आयोजित विशेष समारोह में जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना की ओर से मानद महारथी की उपाधि का दर्ज्यानी चिह्न प्रदान किया था। इसी क्रम में सोमवार को नेपाली सेना के प्रधान सेनापति जनरल अशोकराज सिग्देल और भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई थी। बैठक में दोनों देशों के बीच लंबे समय से कायम सैन्य संबंधों और आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।

भारतीय थलसेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने पशुपतिनाथ मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना: नेपाल के आधिकारिक दौरे पर पहुंचे भारतीय थलसेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार सुबह काठमांडू स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर पहुंचने पर पशुपति क्षेत्र विकास कोष के सदस्य सचिव तथा कोष के अन्य पदाधिकारियों ने जनरल धीरज सेठ का स्वागत किया। मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन किए और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान जनरल धीरज सेठ ने करीब एक घंटे तक विशेष पूजा के साथ रुद्राभिषेक किया। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ की पूजा कर धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया। नेपाल यात्रा के दौरान पशुपतिनाथ मंदिर में उनका दर्शन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंध हैं और पशुपतिनाथ मंदिर दोनों देशों के श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। जनरल धीरज सेठ नेपाल के प्रधानसेनापति महारथी अशोकराज सिग्देल के निमंत्रण पर चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नेपाल आए हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने नेपाली सेना के साथ द्विपक्षीय सैन्य संबंधों, सहयोग और आपसी हित के विषयों पर विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है।

भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने किया कमांड एंड स्टाफ कॉलेज के प्रशिक्षार्थियों को संबोधन: नेपाल की यात्रा पर आये भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को शिवपुरी स्थित नेपाली सेेना के कमांड एंड स्टाफ कॉलेज का दौरा किया और वहां कमांड एंड स्टाफ कोर्स में प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षु अधिकारियो को संबोधित किया। इस दौरान जनरल धीरज सेठ ने मध्य स्तर के सैन्य अधिकारियों की स्टाफ कार्यक्षमता और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। कमांड एंड स्टाफ कोर्स का उद्देश्य अधिकारियों को उच्च जिम्मेदारियों के लिए तैयार करना तथा उनकी निर्णय लेने, नेतृत्व और स्टाफ संबंधी क्षमताओं को विकसित करना है। संवाद के दौरान जनरल सेठ ने अधिकारियों को पेशेवर दक्षता बढ़ाने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने पर जोर दिया।

Spread the love