सतर्कता जागरूकता अभियान को लेकर सीसीएल मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

360° Ek Sandesh Live

रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय में 17 अगस्त से 16 नवंबर, 2026 तक चलाए जा रहे सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 को लेकर महत्वपूर्ण बैठक गुरूवार को आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए सीएमडी, सीसीएल निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी संस्थान के लिए प्रभावी जनसंचार बेहद महत्वपूर्ण है। हमें अपने कार्यों और संदेशों को हमेशा सरल एवं स्पष्ट रखना चाहिए, ताकि उसका प्रभाव व्यापक स्तर तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सतर्कता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह संगठन के प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाकर संस्थान को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने पिछले वर्ष आयोजित सतर्कता जागरूकता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि अभियान के तहत सीसीएल द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की गई थीं। इनमें 900 से अधिक यूनिट रक्तदान का कार्य विशेष रूप से सराहनीय रहा, जो समाज के प्रति सीसीएल की प्रतिबद्धता को दशार्ता है।बैठक में वित निदेशक पवन कुमार मिश्रा, मानव संसाधन निदेशक हर्ष नाथ मिश्र, तकनीकी संचालक निदेशक सी.एस. तिवारी व मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं, बैठक में सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारीगण, महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण व कर्मियों की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरूआत सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा के साथ हुई। उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मियों ने ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, जनहित में कार्य करने तथा कानून व नियमों का पालन करने की शपथ ली तथा इस कार्यक्रम को पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाने का संकल्प लिया गया, ताकि इसका संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के प्रमुख उद्देश्यों व आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभियान को पांच प्रमुख बिंदुओं पर केंद्रित किया गया है, जिनमें लंबित शिकायतों का निपटारा, लंबित मामलों का निपटारा, क्षमता निर्माण कार्यक्रम, डिजिटल पहल तथा अनुबंध प्रबंधन शामिल हैं। बैठक के दौरान इन सभी क्षेत्रों में प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने, पारदर्शिता बढ़ाने तथा प्रक्रियाओं को अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मियों से अपील की गई कि वे सतर्कता एवं सत्यनिष्ठा को अपने दैनिक कार्य व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाएं। वहीं, इस दौरान असैनिक विभाग के ई.एम.बी. पर एसओपी भी लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने संगठन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं ईमानदार कार्यसंस्कृति को और मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Spread the love