अशोक अनन्त
चतरा: न्यू परिसदन भवन के सामने संचालित चांदनी होटल में देह व्यापार के रैकेट का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है. पांच युवतियों समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में रैकेट की संचालिका यानी माइंडमास्टर महिला भी शामिल है. साथ ही 10 मोबाइल, चार कमरों से आपत्तिजनक सामान, एक अपाची बाइक व एक स्कूटी जब्त किया गया. यह जानकारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने सदर थाना परिसर में प्रेस कांफ्रेंस कर दी.
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर छापामारी टीम गठित कर कार्रवाई की गयी. छापामारी टीम में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे. वहीं पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गयी है.
