वर्ष 2027 में जिले को राज्य के टॉप-5 में लाने का लक्ष्य
अशोक अनन्त
चतरा: समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैक्षणिक कार्यों में तेजी लाने और विद्यालयों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के कड़े निर्देश दिए गए। ओवरऑल रैंकिंग में खराब प्रदर्शन को लेकर उपायुक्त ने हंटरगंज एवं लावालौंग के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई हेतु पत्र भेजने का निर्देश दिया। इसके साथ ही प्रतापपुर के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अजय कुमार दास, हंटरगंज के BPO संदीप कुमार और चतरा के BPO से कारण-पृच्छा (कारण बताओ नोटिस) जारी करते हुए नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने आगामी शैक्षणिक सत्र की मजबूत तैयारी पर जोर देते हुए वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में चतरा जिले को राज्य के शीर्ष 5 स्थानों में शामिल कराने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया। इसके लिए उन्होंने सभी उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में रिमेडियल क्लास, स्व-अध्ययन और नियमित मूल्यांकन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक और विद्यालयी व्यवस्थाओं के संबंध में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रखंडों में उपलब्ध संकुलों की तुलना में अधिक संकुल साधनसेवियों का युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) किया जाए और पीएम श्री विद्यालयों के लंबित डेटा को एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में छात्राओं की सेहत और सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए उन्होंने सफाई, पेयजल, सेफ्टी किट की दवाओं की एक्सपायरी डेट की नियमित जांच और भोजन परोसने से पहले शिक्षकों द्वारा स्वयं गुणवत्ता जांचने को अनिवार्य किया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी और बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इस समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी अम्बुज राज लक्ष्मी, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, सभी प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की वार्डेन मुख्य रूप से उपस्थित थीं।
