एचईसी कर्मचारियों के वेतन संकट पर मुखर हुए शनि सिंह, श्रमायुक्त से मिलकर उठाई आवाज

360° Ek Sandesh Live

अरुण कुमार

रांची: एचईसी श्रमिक संघ यूनियन के अध्यक्ष शनि सिंह ने श्रमायुक्त कार्यालय, रांची में श्रमायुक्त से मुलाकात कर एचईसी कर्मचारियों के गंभीर वेतन संकट से अवगत कराया। उन्होंने कर्मचारियों के 32 महीने के बकाया वेतन का जल्द भुगतान कराने के लिए श्रमायुक्त से हस्तक्षेप की मांग की।

शनि सिंह ने कहा कि एचईसी के कर्मचारियों का 32 महीने का वेतन बकाया होने से श्रमिकों और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। वहीं, लगभग 45 दिनों के अंतराल पर वेतन भुगतान होने के कारण कर्मचारियों को परिवार का भरण-पोषण, आवश्यक खर्चों को पूरा करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि एचईसी कर्मचारियों ने वर्षों तक अपनी मेहनत और समर्पण से संस्थान के विकास में योगदान दिया है, लेकिन आज उन्हें अपनी मेहनत की कमाई के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।

शनि सिंह ने श्रमायुक्त से मांग की कि कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एचईसी प्रबंधन से 32 महीने के बकाया वेतन का भुगतान कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन, प्रमोशन, बोनस मिलना उनका अधिकार है। मिलने वालों में उमा शंकर सिंह, लोकनाथ सिंह, शेखर कुमार, शकील अहमद, संतोष कुमार थे।

Spread the love