रामरेखा महोत्सव की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की बैठक, विकास कार्यों में गुणवत्ता पर दिया जोर

360° Ek Sandesh Live Religious

महोत्सव तक संग्रहालय भवन का निर्माण पूरा करने का निर्देश

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 11 पार्किंग स्थल चिह्नित

स्वास्थ्य, पेयजल, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

AMIT RANJAN

सिमडेगा: राजकीय रामरेखा महोत्सव 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में रामरेखाधाम परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में रामरेखाधाम समिति के सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में महोत्सव के दौरान वाहनों के सुचारू परिचालन के लिए चिह्नित 11 पार्किंग स्थलों पर मजिस्ट्रेट, सुरक्षाकर्मियों और समिति के स्वयंसेवकों की तैनाती करने का निर्देश दिया गया। पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में पार्किंग प्रबंधन समिति गठित करने की बात कही गई। वहीं, श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए सिविल सर्जन ने चार स्थानों पर स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की जानकारी दी। उपायुक्त ने इन केंद्रों पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

उपायुक्त ने रामरेखा जलापूर्ति योजना की मरम्मत कराकर श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माणाधीन शौचालयों का काम शीघ्र पूरा करने, पुराने शौचालयों की मरम्मत कराने तथा आवश्यकता के अनुसार अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था करने को कहा। पेयजल की सुविधा के लिए लगाए जाने वाले केंद्र किसी होटल परिसर में नहीं बनाने तथा सभी पेयजल केंद्रों की जानकारी स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले स्थानों पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया।

महोत्सव में तैनात पुलिसकर्मियों, विशेषकर महिला सुरक्षाकर्मियों के ठहरने, भोजन, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में साधु-संतों के ठहरने की व्यवस्था, दाल-भात केंद्र और दीदी कैफे के संचालन पर चर्चा हुई। मेले में लगने वाली दुकानों के छप्पर एक ही रंग के रखने और दुकानों के आकार में एकरूपता बनाए रखने पर भी सहमति बनी। उपायुक्त ने विद्युत विभाग को समय पर बिजली कनेक्शन देने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

महोत्सव से पहले पूरा होगा संग्रहालय भवन का निर्माण

बैठक के बाद उपायुक्त कंचन सिंह ने रामरेखाधाम परिसर में चल रहे भवन निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। संग्रहालय भवन का निर्माण महोत्सव से पहले पूरा करने तथा टाइल्स और मार्बल उच्च गुणवत्ता के लगाने को कहा, ताकि भवन लंबे समय तक टिकाऊ बना रहे।

दुकानों में एकरूपता बनाए रखने के लिए रामरेखाधाम समिति को दुकानदारों से एक ही रंग के तिरपाल और छप्पर लगाने का अनुरोध करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही दुकानदारों को सड़क पर दुकान नहीं लगाने देने का निर्देश दिया गया, ताकि आवागमन बाधित न हो और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। रामरेखाधाम परिसर की विभिन्न सड़कों के निर्माण और नई सड़कों की स्वीकृति के लिए संबंधित विभागों को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी भी दी गई। स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और रामरेखाधाम समिति को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करें।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, अनुमंडल पदाधिकारी सुमन्त तिर्की, सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धर्मदेव पासवान, जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय बखला, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अमृत मिंज, पथ प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा विद्युत आपूर्ति विभाग के कार्यपालक अभियंता मनीष चंद्र पूर्ति सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

इसके अलावा रामरेखाधाम समिति के अध्यक्ष अखंडदास जी, सचिव ओम प्रकाश साहू, सह सचिव लक्ष्मी नारायण सिंह, उपाध्यक्ष अमरनाथ बामलिया, मीडिया प्रभारी विकास साहू तथा समिति के सदस्य जगदीश सिंह, ईश्वर प्रसाद साहू, तपेश्वर साहू, आनंद सिंह और पवन मित्तल सहित अन्य सदस्य एवं कर्मी मौजूद रहे।

Spread the love