रामगढ: आर्थिक जागरूकता ही आत्मनिर्भरता की प्रथम सीढ़ी है। बचत की छोटी सी आदत भविष्य की बड़ी आर्थिक सुरक्षा का आधार बन सकती है। इसी दूरदर्शी सोच को साकार करते हुए। श्रीकृष्ण विद्या मंदिर में इनर व्हील क्लब की सम्मानित महिला सदस्यों ने छात्राओं के लिए वित्तीय साक्षरता पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में कुल 50 छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य बालिकाओं को आर्थिक प्रबंधन की व्यवहारिक समझ प्रदान करना तथा उन्हें भविष्य में विवेकपूर्ण वित्तीय निर्णय लेने के लिए जागरुक एवं सक्षम बनाना था। समूह के सदस्यों ने अत्यंत सरल, सहज एवं प्रभावशाली शैली में छात्रों को वित्तीय साक्षरता के विभिन्न आयामों से परिचित कराया। बचत का महत्व आय एवं व्यय के मध्य संतुलन, बजट निर्माण, बैंकिंग प्रणाली, डिजिटल लेनदेन, आॅनलाइन भुगतान की सुरक्षित प्रक्रियाओं तथा धन के सुनियोजित निवेश जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण इनर व्हील समूह की ओर से सभी सहभागी छात्राओं के बीच मिट्टी के गुल्लकों का वितरण रहा। विद्यालय परिवार ने इनर व्हील क्लब की इस प्रेरणादायी सामाजिक पहल की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन छात्राओं के लिए केवल ज्ञानवर्धक सत्र नहीं, बल्कि जीवन की वास्तविक चुनौतियों से परिचित कराने वाला एक उपयोगी अनुभव सिद्ध हुआ।
