News by Mustaffa
मेसरा (रांची): राजधानी रांची के बीआइटी मेसरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत चुट्टू गांव सोमवार को उस वक्त जंग के मैदान में तब्दील हो गया,जब जमीन विवाद व धान रोपाई को लेकर दो गुटों के बीच भीषण हिंसक झड़प हो गई। दोनों ओर से चले लाठी-डंडे, लोहे की रॉड व फाइटर पंच के हमले में कई लोग लहूलुहान हो गए। स्थिति इतनी नाजुक हो गई कि दो घायलों को गंभीर हालत में रिम्स व सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला, महिलाओं से अभद्रता, कपड़े फाड़ने व लाखों के गहने व नकदी लूटने के संगीन आरोप लगाते हुए क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़ित मो. अनवारुल अंसारी का दावा है कि उन्होंने चुट्टू मौजा में कानूनी रूप से 36.8 डिसमिल जमीन खरीदी थी। आरोप है कि ईसरायल अंसारी व आजाद अंसारी उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। मना करने पर आरोपियों ने 40-50 लोगों के साथ हथियारों से लैस होकर जमीन पर जबरन धान रोपना शुरू कर दिया। जब वे रोकने पहुंचे,तो उन्हें खींचकर कीचड़ में दबाया गया व लोहे की रॉड से पीटकर अधमरा कर दिया गया। बीच-बचाव करने आईं महिलाओं से अभद्रता की गई व 85 हजार नकद समेत गहने लूट लिए गए। दूसरी तरफ, मो. आजाद अंसारी का कहना है कि वे अपने भाई इसराइल अंसारी के साथ अपनी 85 डिसमिल पैतृक जमीन पर धान की रोपाई कर रहे थे। तभी अनवारुल अंसारी, समाउल्लाह, सलमान व मजनू समेत दर्जनों लोग जबरन काम रोकने पहुंचे। विरोध करने पर सलमान ने फाइटर पंच व समाउल्लाह ने लोहे की छड़ से वार कर इसराइल अंसारी का सिर फोड़ दिया, जिससे वे मौके पर ही बेहोश हो गए। इस पक्ष ने भी हमलावरों पर अपनी बहू-बेटियों से बदसलूकी करने, कपड़े फाड़ने व सोने की चैन व बाली लूटने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही मेसरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची व घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायत के आधार पर 20 से अधिक नामजद व करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा व आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
