झारखंड के 10 ज़िलों में 5 अक्टूबर को बिजली गिरने और तेज़ हवाओं का येलो अलर्ट

360°

आठ अक्टूबर तक कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना

Eksandeshlive Desk

रांची: झारखंड के 10 जिलों में सोमवार (5 अक्टूबर) को आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, हजारीबाग, कोडरमा और चतरा शामिल हैं। विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों के लिए आठ अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इधर, रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। दिन में धूप के कारण हल्की गर्मी और उमस महसूस की गई। रांची में अधिकतम तापमान 30.6 और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य प्रमुख जिलों की बात करें, तो जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम 24 डिग्री, डाल्टनगंज में 34.4 और 22.5 डिग्री, बोकारो में 32.5 और 23.1 डिग्री तथा चाईबासा में 34.6 और 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Spread the love