डीसी हेमंत सती ने जल्द लेबर ओटी चालू कराने का दिया आश्वासन
हजारीबाग। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लेबर ओटी बंद रहने का मामला एक बार फिर सामने आया है। प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचने वाली महिलाओं को हो रही परेशानी को देखते हुए सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए डीसी हेमंत सती से बात की व लेबर ओटी को तत्काल चालू कराने की मांग की। रंजन चौधरी ने बताया कि सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर पूर्व में किए गए प्रयासों के बाद अस्पताल का लेबर रूम चालू कराया गया था, लेकिन अब महिला चिकित्सकों की ओर से लेबर ओटी बंद रखे जाने की जानकारी मिली है। इससे प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचने वाली महिलाओं व उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल वह हजारीबाग से बाहर हैं। इसी दौरान सदर विधानसभा क्षेत्र के कटकमदाग प्रखंड अंतर्गत ओदरना गांव के एक मरीज के परिजन ने फोन कर लेबर ओटी बंद रहने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उन्होंने डीसी हेमंत सती से मोबाइल पर बात कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया व तत्काल हस्तक्षेप कर लेबर ओटी चालू कराने का आग्रह किया। इस पर डीसी ने उन्हें आश्वस्त किया कि आवश्यक पहल करते हुए जल्द ही लेबर ओटी चालू कराया जाएगा। रंजन चौधरी ने कहा कि शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गरीब व जरूरतमंद मरीज बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्था में लापरवाही के कारण मरीजों को परेशानी उठानी पड़े, यह उचित नहीं है। अस्पताल प्रबंधन को मरीजों की जरूरतों व सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। प्रसव जैसी संवेदनशील चिकित्सा सेवा में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए।
