बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार व प्रशासनिक अनियमितताओं की शिकायत, प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

360°


कांके। आदिवासी मूलवासी संघर्ष समिति, कांके की संयोजक समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के डीन डेवलपमेंट मनोज कुमार वर्मा से मुलाकात कर विश्वविद्यालय में कथित भ्रष्टाचार एवं प्रशासनिक अनियमितताओं से संबंधित शिकायतों को लेकर ज्ञापन सौंपा।प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में स्थानीय संवेदकों और वेंडर की अनदेखी कर बाहर के संवेदकों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा विभिन्न निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी, घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल तथा कार्यों की गुणवत्ता में अनियमितता का मामला भी उठाया गया।प्रतिनिधिमंडल ने चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया में भी स्थानीय लोगों की कथित अनदेखी का आरोप लगाया। संगठन के अनुसार, संबंधित विभागीय एजेंसी द्वारा कथित रूप से मोटी रकम लेकर बाहरी लोगों को काम पर रखने की शिकायतें सामने आई हैं। इन मामलों को समाचार पत्रों के माध्यम से उजागर किए जाने के बाद संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से सभी आरोपों की निष्पक्ष विभागीय जांच कराने की मांग की।प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की।
मुलाकात के दौरान डीन डेवलपमेंट मनोज कुमार वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उठाए गए मामलों की विभागीय स्तर पर जांच कराई जाएगी तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में समिति के संयोजक हरिनाथ साहू, रंजीत टोप्पो, सज्जाद अंसारी, अभिषेक राज हेरेंज, अजीज अंसारी, दीपक दास, वनिता मेहता, कंचन रानी, सुमित्रा टोप्पो, राज किशोर रवि, अब्बू रेहान एवं मजीद आलम शामिल थे।

Spread the love