छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों को लेकर इंडिया ब्लॉक की मुख्य सचिव से मुलाकात, 48 घंटे में कार्रवाई की मांग

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची: रांची में छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (इंडिया) के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ आंदोलन की आड़ में कथित रूप से अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने वाले छात्रों के अधिकारों और हितों की रक्षा गठबंधन की प्राथमिकता है। मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि आंदोलन में शामिल छात्रों और अराजक तत्वों को एक ही नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आंदोलन से जुड़े लोगों की पहचान उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर की जाए और जो लोग अराजक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाते हैं, उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाए।

आरोप-भाजपा के विभिन्न विंग छात्र आंदोलन की आड़ में माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे: विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा के विभिन्न विंग छात्र आंदोलन की आड़ में माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने भी दोषियों के खिलाफ 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को छात्र आंदोलन से संबंधित वीडियो फुटेज भी सौंपे। नेताओं ने मांग की कि इन फुटेज की जांच कर वास्तविक दोषियों की पहचान की जाए तथा निर्दोष छात्रों को परेशान नहीं किया जाए। साथ ही, उन्होंने सीजीएल सहित विभिन्न परीक्षाओं से जुड़े मामलों में सीआईडी जांच में तेजी लाने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मामलों का जल्द समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि आंदोलन की स्थिति को सामान्य बनाया जा सके। साथ ही, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। मुख्य सचिव से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय, विकास मुंडा, एमटी राजा, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राजेश कच्छप, सुरेश बैठा, ममता देवी, राजेश ठाकुर, मनोज पांडेय और आबिद अली सहित अन्य नेता शामिल थे।

Spread the love