BY SUNIL
रांची। कैंब्रियन पब्लिक स्कूल कांके रोड में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि आनंदमयी सिंह और विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। मौके पर परमजीत कौर ने कहा कि शिक्षक शिक्षा की धुरी है, शिक्षक के मार्गदर्शन के बगैर ज्ञान की प्राप्ति अधूरी है। शिक्षक समाज और राष्ट्र का निमार्ता, संस्कारों का संवाहक और सच्चरित्रता एवं मूल्य बोध का प्रणेता होता है, इसलिए शिक्षकों की तुलना ब्रह्मा, विष्णु और महेश के साथ की गई है। उन्होंने कहा कि भारत में गुरु- शिष्य परंपरा अनादि काल से चली आ रही है। निसंदेह बदलते समय के साथ शिक्षक और विद्यार्थियों के रिश्तों में व्यापक बदलाव आया है, बावजूद इसके शिक्षकों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है, और भविष्य में भी रहेगी। इससे पहले बच्चों ने शिक्षक दिवस के अवसर पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया । गणेश वंदना और ‘जग का व्यापक अंधकार निज प्रकाश से ज्योतिर्मय कर दो…’ गीत की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम की शुरूआत हुई। छात्रा आराध्या ने शिक्षक दिवस की शुरूआत, शिक्षकों के समर्पण और छात्रों के जीवन में उनके महत्व पर प्रकाश डाला। स्कूल बैंड की ओर से छात्र अनुभव, ऋषभ और आयुष सामंता ने आकर्षक गीत प्रस्तुत किया। हेड गर्ल सौम्या राज और हेड ब्वॉय अमन कृष्णा कुमार ने प्रात: कालीन सभा का समन्वय जबकि अनुष्का, गौरवी और नीलांश ने कार्यक्रमों का संचालन किया।
