चतरा पुलिस की तकनीकी मदद से रांची पुलिस को मिली कामयाबी
अपहरण की सूचना के बाद रांची पुलिस ने चलाया था सर्च अभियान
ASHOK
चतरा: रांची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एमिटी यूनिवर्सिटी के समीप से कथित रूप से अपहृत चतरा विधायक जनार्दन पासवान के छोटे पुत्र सौरभ को सकुशल बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में चतरा पुलिस ने रांची पुलिस को तकनीकी सहयोग दिया, जिसके बाद पुलिस को सौरभ तक पहुंचने में कामयाबी मिली। विधायक जनार्दन पासवान ने अपने पुत्र की सकुशल बरामदगी की पुष्टि की है। सौरभ के अपहरण की सूचना मिलते ही रांची पुलिस सक्रिय हो गयी थी। पुलिस ने संभावित ठिकानों की निगरानी के साथ इलाके में सर्च अभियान चलाया। मामले में चतरा पुलिस की तकनीकी टीम ने भी सहयोग किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद सौरभ को सकुशल बरामद कर लिया गया। हालांकि, घटना के पीछे की वजह क्या है और इसमें किन लोगों की भूमिका रही है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। विधायक पुत्र की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों और समर्थकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ज्ञात हो कि चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे का सोमवार शाम रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट से अपहरण होने का मामला सामने आया था। विधायक जनार्दन पासवान ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जनार्दन पासवान के अनुसार, उनके बेटे एमिटी यूनिवर्सिटी से लॉ कर रहे हैं। सोमवार को वो छुट्टी होने पर यूनिवर्सिटी से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने यूनिवर्सिटी के गेट पर उनके साथ मारपीट की और स्कॉर्पियो में उन्हें जबरन उठा कर ले गए। घटनास्थल पर ही थार को बदमाशों ने छोड़ दिया। चतरा विधायक जनार्दन पासवान के अनुसार, तीन-चार स्कॉर्पियो वाहनों से कुछ लोग पहुंचे थे। उन लोगों ने उनके पुत्र के साथ मारपीट की और उसका अपहरण कर लिया।
