Eksandeshlive Desk
रांची: झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार, 8 सितंबर 2026 से बोर्ड परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। कर्मियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं की जाती, तब तक धरना जारी रहेगा। धरना पर बैठे कर्मियों ने बताया कि 6 जून 2026 को मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के स्थानांतरण के बाद से यह महत्वपूर्ण पद अब तक रिक्त है।
इसके अलावा कर्मियों के अनुसार पिछले चार महीने से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कर्मियों ने कहा कि वर्ष 2017 में निदेशक मंडल के पदों की स्वीकृति को लेकर पारित प्रस्ताव अब तक लागू नहीं किया गया है। वहीं, वर्ष 2019 में मानदेय वृद्धि से संबंधित पारित प्रस्ताव भी लंबित है। कर्मियों का आरोप है कि वर्ष 2018 से मानदेय में कोई वृद्धि नहीं की गई है। धरना दे रहे कर्मियों ने बोर्ड के गठन के करीब 22 वर्ष बाद भी कार्यरत कर्मियों के लिए सेवा नियमावली तैयार नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि लंबे समय से काम करने के बावजूद उन्हें भविष्य और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल रहा है।
