Eksandeshlive Desk
रांची: बस चालक कल्याण संघ की ओर से कांटा टोली स्थित बिरसा मुंडा बस स्टैंड टर्मिनल परिसर में विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। पूजा के लिए बनाए गए पंडाल एवं भंडारे का उद्घाटन आरती कुजूर ने विधिवत पूजा-अर्चना और आरती कर किया। इस अवसर पर संघ के सदस्यों एवं बस कर्मियों ने मिलकर विश्वकर्मा भगवान की पूजा की और प्रसाद व भंडारे का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान बस चालक कल्याण संघ की ओर से अपने दिवंगत सदस्य के परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। रांची-कोलकाता रोड पर संचालित श्री साईं बस के खलासी हदीस अंसारी की कुछ दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। संघ ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सहायता का हाथ बढ़ाया।
दिवंगत हदीस अंसारी के परिजनों को सहायता: भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह एवं संघ के अध्यक्ष विश्वनाथ मिश्रा और सचिव राणा बजरंगी सिंह के हाथों दिवंगत हदीस अंसारी की पत्नी तबस्सुम बीबी को एक लाख रुपये और सिलाई मशीन, पुत्री सानिया प्रवीण को एक लाख रुपये, पुत्र शाहिद अंसारी को 50 हजार रुपये तथा पिता जसमुद्दीन अंसारी को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। संघ की ओर से परिवार को भरोसा दिलाया गया कि जरूरत के समय आगे भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा। इस मौके पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजू चौहान, कोषाध्यक्ष मोहम्मद महफूज, रितेश मिश्रा, राकेश सिंह, लाडला खान, राम विनय यादव, राजन घोष, सोनू, शंकर महतो सहित संघ के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं पूरा परिवार उपस्थित रहा।
दुर्घटना से मृत्यु तक सदस्यों के साथ खड़ा रहता है संघ: संघ के सचिव राणा बजरंगी सिंह ने कहा कि बस चालक कल्याण संघ अपने सदस्यों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहता है। किसी सदस्य के दुर्घटनाग्रस्त होने से लेकर इलाज और मृत्यु की स्थिति तक संघ की ओर से यथासंभव आर्थिक मदद की जाती है। उन्होंने कहा कि किसी सदस्य की दुर्घटना में मृत्यु होने पर उसके परिवार की स्थिति को देखते हुए पत्नी, बच्चों और माता-पिता की जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने बताया कि संघ की ओर से सदस्यों की बेटियों की शादी के अवसर पर सिलाई मशीन उपलब्ध कराने की पहल भी की जाती है। वहीं, किसी सदस्य की मृत्यु के बाद उसकी पत्नी को स्वरोजगार के माध्यम से परिवार चलाने में मदद मिले, इसके लिए सिलाई मशीन दी जाती है।
छह वर्षों से मनाया जा रहा विश्वकर्मा पूजा समारोह: राणा बजरंगी सिंह ने कहा कि बिरसा मुंडा बस स्टैंड टर्मिनल परिसर में पिछले छह वर्षों से बस चालक कल्याण संघ द्वारा विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। पूजा के साथ लंगर, भंडारा और जागरण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। संघ के सदस्यों के सहयोग के साथ-साथ दानदाताओं की मदद से यह आयोजन भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना के साथ शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भी इसी तरह मिल-जुलकर विश्वकर्मा पूजा का आयोजन जारी रहेगा।
