एशियाई खेल: मनु भाकर और तजिंदरपाल सिंह तूर होंगे उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक

Sports

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: जापान के आइची-नागोया में शनिवार को होने वाले एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में निशानेबाज मनु भाकर और गोला फेंक खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर भारत के ध्वजवाहक होंगे। एशियाई खेलों के 20वें संस्करण में 500 से अधिक भारतीय खिलाड़ी 37 खेलों में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का समापन 4 अक्टूबर को होगा। भारत के शेफ-डी-मिशन सहदेव यादव ने एक बयान में कहा, “मनु भाकर ध्वजवाहकों में से एक होंगी।” इसके बाद भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने तजिंदरपाल सिंह तूर को दूसरा ध्वजवाहक बनाए जाने की पुष्टि की। 24 वर्षीय मनु भाकर दो बार की ओलंपिक पदक विजेता हैं। वह जापान में 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी। 31 वर्षीय तजिंदरपाल सिंह तूर एशियाई खेलों में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे। उन्होंने 2018 जकार्ता और 2023 हांगझोउ एशियाई खेलों में गोला फेंक में स्वर्ण पदक जीता था। पिछले संस्करण में भारत ने चीन के हांगझोउ में कुल 106 पदक जीते थे, जिसमें 28 स्वर्ण पदक शामिल थे।

भारतीय महिला टीम ने जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में किया प्रवेश

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन खेलों में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए शुक्रवार को जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहां भारतीय टीम का समाना बांग्लादेश से होगा। रविवार सुबह (स्थानीय समयानुसार) पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान का मुक़ाबला श्रीलंका से होगा, और उसके बाद दोपहर में भारत का मुक़ाबला बांग्लादेश से होगा। जापान के खिलाफ मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जापान की टीम 19.5 ओवरों में केवल 57 रनों पर सिमट गई। जापान की तरफ से अयाका काटो-स्टैफ़ोर्ड ने 47 गेंदों पर सर्वाधिक 25 रन बनाए, इस दौरान उन्होंने 2 चौके लगाए। स्टैफ़ोर्ड के अलावा हारुना इवासाकी ने 22 गेंदों पर 1 चौके की बदौलत 10 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी जापानी बल्लेबाज दहाई के स्कोर तक नहीं पहुंचा। जापान ने अपनी पूरी पारी में केवल तीन चौके लगाए। भारत की तरफ से श्री चरणी ने 4, शेफाली वर्मा ने 2, दीप्ति शर्मा और श्रेयांका पाटिल ने 1-1 विकेट लियाए जबकि दो बल्लेबाज रन आउट हुईं। 58 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई और पहले ही ओवर में 4 चौके जड़ दिये। हालांकि दूसरे ओवर में नानोहा यासुमोटो ने जी.कमालिनी (00) को पवेलियन भेज भारत को पहला झटका दिया। उन्होंने दूसरे ओवर में कोई रन नहीं दिया और कमालिनी का विकेट लिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आईं भारती फूलमाली भी कुछ खास नहीं कर सकीं और अयाका काटो-स्टैफ़ोर्ड का शिकार बनीं। भारती ने 6 रन बनाए। हालांकि दूसरी तरफ से शेफाली ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारतीय टीम को 8 विकेट से आसान जीत दिलाई। शेफाली ने 15 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के लगाए, ऋचा घोष ने उनका अच्छा साथ दिया। ऋचा 6 गेंदों पर 2 चौकों की बदौलत 12 रन बनाकर नाबाद लौटीं। जापान की ओर से अयाका काटो-स्टैफ़ोर्ड और नानोहा यासुमोटो ने 1-1 विकेट लिया। भारतीय टीम अब सेमीफाइनल में रविवार को बांग्लादेश से भिड़ेगी, जबकि इसी दिन पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होगा।

Spread the love