20 फीट गहरे कुएं से बरामद क्षत-विक्षत शव से इलाके में सनसनी

360° Ek Sandesh Live


शरीर पर तार लपेटकर बांधे गए थे ईंट-पत्थर, पहचान में जुटी पुलिस

चौपारण/हजारीबाग: दैहर के पकरियाटांड़ स्थित पानी से भरे करीब 20 फीट गहरे कुएं से गुरुवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के हाथ-पैर व मुंह रस्सी से बंधे हुए थे। वहीं, उसके पूरे शरीर पर तार लपेटकर ईंट-पत्थर बांधे गए थे। शव की स्थिति देखकर हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से उसे कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह स्थानीय युवक टहलने निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर कुएं में तैर रहे शव पर पड़ी। युवकों ने तत्काल आसपास के लोगों व चौपारण पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि अज्ञात व्यक्ति की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसके हाथ-पैर व मुंह बांधे गए। इसके बाद शरीर पर तार लपेटकर ईंट-पत्थर बांधे गए व शव को पानी से भरे गहरे कुएं में डाल दिया गया, ताकि वह पानी के अंदर ही रहे। ग्रामीणों के अनुसार मृतक बाहरी प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि हत्या कहीं व करने के बाद शव को यहां लाकर ठिकाने लगाया गया है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया व कब्जे में लेकर आपदा मित्र एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के सभी थानों में शव की तस्वीर व हुलिया भेजा गया है। इसके अलावा हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट व अन्य सूचनाओं को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ घटना के कारणों व इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।

Spread the love