बुजुर्ग किसी घर में रोशनदान की तरह होते हैं : परमजीत कौर

360° Ek Sandesh Live

कैम्ब्रियन स्कूल में मना स्नेह आंगन कार्यक्रम

रांची: बुजुर्ग किसी घर में रोशनदान की तरह होते हैं। उनकी रोशनी से घर जगमगाता है, बच्चे खिलखिलाते हैं और संस्कारों का बीज पल्लवित पुष्पित होता है। उक्त बातें कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके रोड में आयोजित ग्रैंडपेरेंट्स के लिए आयोजित कार्यक्रम ‘स्नेहआंगन’ में विद्यालय के निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कहीं।न्होंने कहा कि संस्कारों के संवहन और पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण का आधार घर पर नाना-नानी और दादा-दादी होते हैं। उनकी उपस्थिति से घर पर प्रेम और आशीर्वाद खिलते हैं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आनंदमयी सिंह ने कहा कि बदलते समय और परिस्थिति के साथ एकल परिवारों का चलन बढ़ा है और माता-पिता दोनों ही नौकरी पेशा हैं, जिसके कारण पारिवारिक मूल्यों और बच्चों के संस्कारों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। जिन घरों में ग्रैंडपेरेंट्स होते हैं वहां संस्कार, संवेदना और चारित्रिक मूल्यों का सतत विकास होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों का ज्ञान देना वर्तमान समय की मांग है। इससे पहले बच्चों ने ‘नाना -नानी यू आर माय सनशाइन’, ‘नानी तेरी मोरनी को मोर ले गया’,’मुझको लगते प्यारे मेरे दादा दादी’ जैसे गीतों का माध्यम से अपने ग्रैंडपरेंट्स के प्रति प्रेम,स्नेह और अपनत्व अभिव्यक्त किया। बच्चे और उनके ग्रैंडपेरेंट्स के बीच ब्लाइंडफोल्ड गेम, कप इन द सर्कल और बॉल इन द बास्केट जैसे खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ० मोनिका कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उपस्थित ग्रैंडपेरेंट्स ने कार्यक्रम को परिवार के बीच भावात्मक लगाव विकसित करने के लिए विद्यालय के इस पहल की सराहना की।

Spread the love